बसनामहासमुंद

जनदर्शन में उमड़ा जनसैलाब: विधायक डॉ. अग्रवाल ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश, किसानों को मिलेगा स्थाई समाधान

बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने सुनी किसानों की हुंकार; धान विक्रय की समस्याओं के समाधान हेतु खाद्य मंत्री को लिखा पत्र

महासमुंद/बसना : बसना विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय जननेता और क्षेत्र की समस्याओं के प्रति सदैव सजग रहने वाले विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने आज अपने निवास कार्यालय में आयोजित ‘जनदर्शन’ कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्र की जनता से सीधा संवाद किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों ने समितियों में धान विक्रय के दौरान आ रही विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से विधायक के समक्ष रखा।

जनदर्शन में पहुंचे विभिन्न समितियों के किसानों ने बताया कि धान विक्रय की प्रक्रिया में उन्हें कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी मेहनत की उपज को बेचने में देरी हो रही है। किसानों की बातों को बेहद संवेदनशीलता और गंभीरता से सुनते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने मौके पर ही मौजूद और फोन के माध्यम से उच्च अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन समस्याओं का निराकरण बिना किसी विलंब के किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को अपनी उपज बेचने में कोई भी असुविधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समस्याओं के तत्कालिक निराकरण के साथ-साथ, विधायक डॉ. अग्रवाल ने इसके स्थाई समाधान की दिशा में कदम बढ़ाया है। उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयालदास बघेल को एक औपचारिक पत्र प्रेषित कर क्षेत्र की वस्तुस्थिति से अवगत कराया है। पत्र में उन्होंने धान खरीदी केंद्रों और समितियों में आ रही बाधाओं का विस्तार से उल्लेख करते हुए आग्रह किया है कि सरकार स्तर पर ठोस नीतिगत निर्णय लिए जाएं ताकि भविष्य में किसानों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।

विधायक डॉ संपत अग्रवाल ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि किसान हमारे अन्नदाता हैं और उनकी खुशहाली ही हमारी प्राथमिकता है। धान विक्रय में जो भी तकनीकी या प्रशासनिक बाधाएं आ रही हैं, उन्हें दूर करने के लिए मैं प्रतिबद्ध हूँ। मैंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं और खाद्य मंत्री का ध्यान भी इस ओर आकृष्ट किया है। हमारी सरकार किसानों की सरकार है, और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि हर किसान का दाना-दाना सुगमता से खरीदा जाए। बसना का एक भी किसान परेशान नहीं होगा।

विधायक के इस त्वरित और प्रभावी निर्णय से क्षेत्र के किसानों में हर्ष की लहर है। किसानों ने विधायक डॉ. अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र को एक ऐसा जनप्रतिनिधि मिला है जो न केवल हमारी समस्याओं को सुनता है, बल्कि शासन स्तर पर उनके समाधान के लिए तुरंत सक्रिय भी हो जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING