बसनामहासमुंद

अटल जी का व्यक्तित्व राष्ट्र सेवा का सर्वोच्च आदर्श, उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही बनेगा विकसित भारत: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल

बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश, बोले-अटल जी के राष्ट्र प्रथम के संकल्प को घर-घर पहुँचाएँ

महासमुंद/बसना : भारतीय जनता पार्टी के पितृ पुरुष, प्रखर वक्ता और पूर्व प्रधानमंत्री ‘भारत रत्न’ श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की 101वीं जयंती के पावन अवसर पर बसना विधानसभा में भव्य ‘सुशासन दिवस’ एवं विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। स्थानीय मंगल भवन में आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में बसना के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक डॉ. अग्रवाल ने अटल जी के तैल चित्र पर दीप प्रज्वलित कर और श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए किया। इस दौरान पूरा सदन ‘अटल बिहारी वाजपेयी अमर रहें’ के नारों से गुंजायमान रहा।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने अटल जी के विराट व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अटल जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि एक युगद्रष्टा ऋषि थे। उन्होंने राजनीति में शुचिता, सुशासन और राष्ट्रवाद की जो लकीर खींची है, वह हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए पथ-प्रदर्शक है। छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण अटल जी की ही देन है। उन्होंने न केवल राज्य बनाया, बल्कि इसके विकास की नींव भी रखी।

विधायक डॉ. अग्रवाल ने विस्तार से बताया कि अटल जी का जीवन हमें विषम परिस्थितियों में अडिग रहने की प्रेरणा देता है। विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने अपने संबोधन में जोर देते हुए कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में देश व प्रदेश में जो ‘सुशासन’ दिखाई दे रहा है, उसका मूल मंत्र श्रद्धेय अटल जी ने ही दिया था, जिसमें ‘अंत्योदय’ यानी समाज की अंतिम पंक्ति के व्यक्ति का उत्थान ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने याद दिलाया कि पोखरण परमाणु परीक्षण से लेकर ‘प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना’ जैसे ऐतिहासिक निर्णयों के माध्यम से अटल जी ने भारत को शक्तिशाली और आत्मनिर्भर बनाने का मार्ग प्रशस्त किया। विधायक डॉ. अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे अटल जी के ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प, उनकी कविताओं और आदर्शों को आत्मसात कर पूरी निष्ठा के साथ जन-जन की सेवा में जुट जाएं।

इस सम्मेलन में बसना विधानसभा के कोने-कोने से आए भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को आगामी लक्ष्यों के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि अटल जी के सपनों का ‘विकसित भारत’ बनाने के लिए हमें जमीनी स्तर पर मजबूती से काम करना होगा।

इस अवसर पर महासमुंद भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी,सरायपाली पूर्व विधायक त्रिलोचन पटेल,पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा पटेल,भाजपा जिला महामंत्री जितेंद्र त्रिपाठी,जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार साहू,जिला उपाध्यक्ष हरप्रसाद पटेल,पूर्व जिला उपाध्यक्ष रमेश अग्रवाल, विधानसभा संयोजक डॉ एन के अग्रवाल,जिला पंचायत सदस्य जगमोती जी,बसना मंडल अध्यक्ष नरेंद्र यादव, गड़फुलझर मंडल अध्यक्ष नरहरी पोर्ते,बसना नगर पंचायत उपाध्यक्ष शीत गुप्ता,सांकरा मंडल अध्यक्ष हलधर साव, पिथौरा मंडल अध्यक्ष आशीष शर्मा, पिरदा मंडल अध्यक्ष अभिमन्यु प्रधान,जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी, पिथौरा जनपद उपाध्यक्ष ब्रम्हा पटेल,बसना जनपद पंचायत उपाध्यक्ष मोहित पटेल,क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING