सरायपाली

शासकीय उच्च प्राथमिक शाला रिमजी के विद्यार्थियों का शैक्षिक एवं प्रशासनिक भ्रमण

सरायपाली : शासकीय उच्च प्राथमिक शाला रिमजी,संकुल सिंघोड़ा,विकासखंड सरायपाली के विद्यार्थियों को शैक्षिक एवं प्रशासनिक अध्ययन के उद्देश्य से विकासखंड स्तर पर भ्रमण के लिए ले जाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय तथा विकासखंड स्त्रोत केंद्र समन्वयक (BRC) कार्यालय का अवलोकन किया।

यह भ्रमण विद्यालय स्तर पर चयनित उन विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया, जिन्होंने पिछले तीन महीनों के दौरान नियमित रूप से विद्यालय उपस्थित रहकर होमवर्क, क्लासवर्क तथा विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इन विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने तथा उनके अनुभव को समृद्ध बनाने के उद्देश्य से इस भ्रमण में शामिल किया गया।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा व्यवस्था, विद्यालयों के संचालन तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित जिज्ञासापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण प्रश्न पूछे। इस दौरान विकासखंड शिक्षा अधिकारी टीकमचंद पटेल एवं विकासखंड स्त्रोत केंद्र समन्वयक देवानंद नायक द्वारा विद्यार्थियों के प्रश्नों का सहज एवं सरल ढंग से उत्तर देते हुए उन्हें शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।

इस शैक्षिक एवं प्रशासनिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रशासनिक व्यवस्था की जानकारी देना तथा उनमें जिज्ञासा एवं सीखने की भावना को प्रोत्साहित करना था। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधान पाठक श्री ओम प्रकाश साव एवं शिक्षक श्री कमल नारायण भोई विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे और उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

इस भ्रमण से विद्यार्थियों को प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिला तथा उनके ज्ञान एवं अनुभव में वृद्धि हुई। उक्त जानकारी शिक्षा विभाग मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप ने दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING