
महासमुंद/सरायपाली। नगर पालिका परिषद सरायपाली के वार्ड क्रमांक-10 के पार्षद दिव्य आशीष सेन ने नगर के प्रमुख चौकों एवं खेल मैदानों का नाम देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों, समाज सुधारकों और संविधान निर्माताओं के नाम पर रखने की मांग करते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी को आवेदन सौंपा है। यह मांग सामने आने के बाद नगर में इस विषय पर चर्चा तेज हो गई है।

पार्षद ने अपने आवेदन में कहा है कि शहर के सार्वजनिक स्थलों का नाम ऐसे महापुरुषों के नाम पर रखा जाना चाहिए, जिनके आदर्शों से नई पीढ़ी प्रेरणा ले सके और नगर की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक पहचान भी मजबूत हो।
पुरानी मंडी गांधी चौक पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थापित की जाए।
सरायपाली मिनी स्टेडियम का नाम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखा जाए।
मंडी परिसर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा स्थापित की जाए।
बैतारी चौक से गौरव पथ तक के चौक का नाम रानी अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखकर उनकी प्रतिमा स्थापित की जाए
नगर पालिका पार्षद दिव्या आशीष सेन ने कहा कि यदि नगर के प्रमुख स्थलों को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले महापुरुषों के नाम से जोड़ा जाता है, तो इससे युवाओं में देशभक्ति, सामाजिक चेतना और आदर्शों के प्रति सम्मान की भावना विकसित होगी।
अब इस प्रस्ताव पर नगर पालिका परिषद की सामान्य सभा में क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर पूरे शहर की नजरें टिकी हुई हैं। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो सरायपाली की पहचान महापुरुषों की प्रेरणा से जुड़े नगर के रूप में और अधिक मजबूत हो सकती है।



