सरायपाली

सरायपाली में पेयजल आपूर्ति का मामला विधानसभा में गूंजा..

सरायपाली विधायक चातुरी नंद ने उठाया मामला

सरायपाली : क्षेत्रीय विधायक चातुरी नंद ने बजट सत्र के दौरान नगर पालिका सरायपाली में पेयजल आपूर्ति हेतु व्यय राशि का मुद्दा उठाया।

विधायक चातुरी नंद के सवाल के जवाब में नगरीय प्रशासन विभाग के मंत्री अरुण साव ने जानकारी दी कि वर्ष 2022-23 से 15 फरवरी 2025 तक सरायपाली नगर पालिका परिषद में नवीन बोरवेल खनन एवं पेयजल आपूर्ति हेतु अधोसरंचना मद से 2.27 लाख, 15वां वित्त आयोग से 82.83 लाख रूपये व्यय किया गया है। इसी तरह स्टील पानी टंकी निर्माण हेतु 15वां वित्त आयोग से 1 करोड़ 21 लाख रूपये व्यय किया गया है। 15वा वित्त आयोग 8 जगहों में स्टील पानी टंकी का निर्माण किया जा रहा है जो कि अपूर्ण है।

इस सम्बन्ध में मीडिया को जारी प्रेस विज्ञप्ति में विधायक चातुरी नंद ने कहा कि सरायपाली नगर पालिका में भाजपा सरकार के कार्यकाल में पेयजल आपूर्ति हेतु डीजल एवं अन्य मद में करोड़ों रुपए फूंका जा रहा है परंतु वर्ष 2022-23 से अब तक एक भी बोरवेल का खनन नहीं किया गया है जिससे साबित होता है कि पालिका प्रशासन भ्रष्टाचार में लिप्त है और इसी उद्देश्य की पूर्ति खातिर करोड़ों रुपए बहाया जा रहा है और जमकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है।

विधायक चातुरी नंद ने कहा कि सरायपाली में जो स्टील पानी टंकी बनाई जा रही है उसमें भारी भ्रष्टाचार किया जा रहा है। सरायपाली की जनता आज भी पानी के लिए तरस रही है लेकिन स्थाई समाधान नहीं निकाला जा रहा है। उन्होंने स्टील पानी टंकी निर्माण की जांच की मांग भी मंत्री जी से की है।

विदित हो कि सरायपाली में पेयजल आपूर्ति का मुद्दा भी नगरीय निकाय चुनाव में गूंजा था। कांग्रेस ने इसे मुद्दा भी बनाया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING