

महासमुंद : छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स का चुनावी मतदान विगत 16 अप्रैल को सम्पन्न हुआ था, जिसका आज राजधानी रायपुर में परिणाम घोषित किया गया। इसमें महासमुंद जिले के सरायपाली से भरतलाल कपड़ा दुकान के संचालक प्रवीण अग्रवाल को छ.ग. चेम्बर ऑफ कॉमर्स का प्रदेश उपाध्यक्ष चुना गया है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 15 मतों से पराजित किया। चेम्बर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश उपाध्यक्ष पद हेतु दो उम्मीदवार प्रवीण अग्रवाल (व्यापारी एकता पैनल, कलश छाप) और संजय अग्रवाल (जय व्यापार पैनल, दिया छाप) चुनावी मैदान में थे। इस पद के लिए कुल 433 लोगों ने मतदान किया था, जिसमें से प्रवीण को 223 और संजय को 208 मत प्राप्त हुए, जबकि 02 मत निरस्त हुए। इस प्रकार प्रवीण अग्रवाल 15 मतों से विजयी रहे।

प्रदेश उपाध्यक्ष बनने के पश्चात प्रवीण अग्रवाल के आज नगर आगमन पर स्थानीय अग्रसेन चौक के पास उनका गाजे-बाजे, आतिशबाजी एवं फूल मालाओं के साथ स्वागत किया गया। वहीं प्रवीण अग्रवाल ने भी भगवान अग्रसेन को फूल माला अर्पित कर उनकी पूजा की और स्थानीय राम मंदिर पर जाकर भी भगवान राम की पूजा अर्चना करते हुए अपना माथा टेका। तत्पश्चात् उन्होंने उनपर भरोसा जताते हुए चुनाव में विजय दिलाने के लिए सभी व्यापारीगणों का आभार प्रकट किया। साथ ही भविष्य में सदैव व्यापारियों के साथ मिलकर व्यापारी हित में कार्य करने और उनकी सभी समस्याओं को दूर करने के लिए प्रयासरत रहने की बात कही।

इस अवसर पर चेम्बर ऑफ कॉमर्स के पूर्व उपाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, भोज अग्रवाल, प्रखर अग्रवाल, सेवाशंकर अग्रवाल, सेवाराम अग्रवाल, बिलासा अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, मनोज शिंदे, मनोज बलौदिया, घासीराम अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, अनिल अग्रवाल,आशीष अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, स्वर्ण सिंह सलूजा, बजरंग अग्रवाल, मनमीत सिंह आहूजा,जनाब खान,तुषार सेन, प्रखर शर्मा सहित अनेक व्यवसायी, परिवार जनों और गणमान्य जन उपस्थित रहे, इसके साथ ही शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन 20 अप्रैल को शहीद स्मारक भवन रायपुर में रखा गया है।




