पिथौरामहासमुंद

संगठनात्मक मजबूती पर जोर: बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने पिथौरा में कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

विधायक ने कार्यकर्ताओं के साथ की मैराथन बैठक, संगठन विस्तार पर हुई विस्तृत चर्चा

महासमुंद/पिथौरा : बसना विधानसभा के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल अपने अल्प प्रवास पर पिथौरा पहुंचे, जहाँ कार्यकर्ताओं और स्थानीय पदाधिकारियों ने उनका पुष्पगुच्छ के साथ आत्मीय स्वागत किया। इस प्रवास के दौरान विधायक ने एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक ली, जिसमें आगामी कार्ययोजनाओं और क्षेत्र के विकास कार्यों पर गहन मंथन किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की असली शक्ति हैं। उन्होंने आगामी समय के लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और सक्रिय सदस्यता अभियान को गति देने के निर्देश दिए। विधायक डॉ अग्रवाल ने कहा कि हमें केवल राजनीति नहीं करनी है, बल्कि सेवा के माध्यम से लोगों का दिल जीतना है।

विधायक डॉ. अग्रवाल ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि राज्य की विष्णुदेव साय सरकार और केंद्र की मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देशित करते हुए कहा कि हमारी प्राथमिकता यह होनी चाहिए कि केंद्र और राज्य सरकार की हर योजना, चाहे वह महतारी वंदन योजना हो या किसान उन्नति योजना, समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक सुगमता से पहुंचे। कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।

प्रदेश की वर्तमान सरकार की सराहना करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि साय सरकार ने अल्प समय में ही विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सुशासन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। भ्रष्टाचार पर लगाम और विकास कार्यों में पारदर्शिता हमारी सरकार की पहचान बन चुकी है।

बैठक के समापन पर विधायक ने कार्यकर्ताओं की समस्याओं को व्यक्तिगत रूप से सुना और उनके त्वरित निराकरण के लिए आश्वस्त किया। उन्होंने आह्वान किया कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर क्षेत्र की समस्याओं को चिन्हित करें ताकि उन्हें विधानसभा पटल पर रखकर हल किया जा सके।

इस अवसर पर पिथौरा मंडल सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में वरिष्ठ भाजपा नेता, पदाधिकारी और सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING