बसना

महाशिवरात्रि पर भक्तिमय हुआ बसना: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने आदि योगी शिव मंदिर में किया सपरिवार महा रुद्राभिषेक

बसना : महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को पूरे छत्तीसगढ़ समेत देश के कोने-कोने में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। ‘हर-हर महादेव’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के उद्घोष से शिवालय गुंजायमान रहे। इसी कड़ी में बसना के प्रसिद्ध आदि योगी शिव मंदिर में भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला, जहाँ महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर विशेष महा रुद्राभिषेक का भव्य आयोजन किया गया।

क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल अपनी धर्मपत्नी और परिवार के सदस्यों के साथ मंदिर पहुँचे। उन्होंने देवाधिदेव महादेव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और पंचामृत से रुद्राभिषेक किया। पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए इस अनुष्ठान में विधायक ने पूरी श्रद्धा के साथ आहुतियां दीं और भगवान शिवशंभु से छत्तीसगढ़ प्रदेश एवं समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की मंगल कामना की।

पूजा-अर्चना के उपरांत मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने इस दिन की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज महाशिवरात्रि का पावन पर्व है और इस शुभ घड़ी में भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक करने का सौभाग्य मिलना मेरे लिए अत्यंत हर्ष का विषय है। आज का दिन भगवान शिव और माता पार्वती के पावन विवाह का उत्सव है। यह शिव और शक्ति के मिलन का महापर्व है, जो हमें सृष्टि के संतुलन और प्रेम का संदेश देता है।

उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा कि महादेव केवल संहारक नहीं, बल्कि परम कल्याणकारी हैं। मैंने आज आदि योगी के चरणों में शीश नवाकर यही प्रार्थना की है कि हमारे बसना क्षेत्र के किसानों के खेत लहलहाएं, युवाओं को नए अवसर मिलें और हर घर में सुख-शांति का वास हो। सेवा ही मेरा धर्म है और भोलेनाथ का आशीर्वाद मुझे जनसेवा के मार्ग पर अडिग रहने की शक्ति प्रदान करता है।

सुबह से ही आदि योगी मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ जुटी रही। विधायक डॉ. अग्रवाल ने इस दौरान वहां उपस्थित आम जनता से भेंट की और उन्हें महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। मंदिर परिसर में सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे, जिससे दर्शनार्थियों को सुगमता से भगवान के दर्शन प्राप्त हुए।

इस पावन अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष रमेश अग्रवाल, विधायक डॉ संपत अग्रवाल की धर्मपत्नी सरोज अग्रवाल,बड़े सुपुत्र सुमित अग्रवाल, बड़ी बहू सोनिया अग्रवाल,थाना प्रभारी शरद दुबे, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष मोहित पटेल,विकास वाधवा, कामेश बंजारा, आकाश सिन्हा, निर्मलदास, सोहन पटेल, पुलिस बल सहित बड़ी संख्या श्रद्धालु जनों की उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING