सरायपाली

कलेक्ट्रेट में 3 लाख की उठाईगिरी की घटना पर सरायपाली विधायक ने सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े किए सवाल

कलेक्ट्रेट ही सुरक्षित नहीं तो आम जनता किसके भरोसे रहेगी सुरक्षित : चातुरी नंद

सरायपाली : विगत दिनों जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट में पूर्व सरपंच के गाड़ी से 3 लाख की उठाईगिरी की घटना पर सवाल खड़े करते हुए सरायपाली विधायक चातुरी नंद ने सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल दागे है।

विधायक चातुरी नंद ने मीडिया को जारी किए अपने बयान में कहा कि यह बेहद ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि कोई व्यक्ति जिलाधीश के दफ्तर में भरोसे के साथ आया था लेकिन उन्हें क्या पता कि वहां भी वह सुरक्षित नहीं है और उनके गाढ़ी कमाई उठाईगिरों के हवाले हो जाएगी। उन्होंने कहा कि ना केवल वहां कलेक्ट्रेट स्थित है बल्कि पुलिस विभाग के मुखिया याने कि एसपी दफ्तर भी है लेकिन जिले में चोरों के हौसले इतने बुलंद है कि वे कलेक्ट्रेट में खड़ी गाड़ियों को भी अपना निशाना बना ले रहे है और आम जनता उठाईगिरी की शिकार बन रहे है।

विदित हो कि महासमुंद जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट में विगत दिनों द्रोण के पूर्व सरपंच के गाड़ी से शीशा तोड़कर 3 लाख रूपये की उठाईगिरी की घटना हुई है जिसने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है।

विधायक नंद ने कहा कि जिले में लूट, डकैती, चोरी समेत अपराधों में बेतहाशा वृद्धि हुईं है। अब अपराधियों को पुलिस का भय नहीं रहा और वे बेखौफ होकर अपराधों को अंजाम दे रहे है। उन्होंने सरायपाली में दिनों दिन हो रही चाकूबाजी की घटनाओं के लिए पुलिस के सुस्त रवैया को जिम्मेदार ठहराया है। विधायक नंद ने कहा कि पिछले दिनों सरायपाली में कुछ अपराधियों द्वारा बस को रोककर डकैती करने का प्रयास किया जो कि चौंकाने वाली घटना हैं। उन्होंने पुलिसिंग पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि अपराधियों को पुलिस का खौफ नहीं है और खुलेआम अपराधों को अंजाम दे रहे है।

विधायक चातुरी नंद ने समीपवर्ती उड़ीसा राज्य से बड़ी मात्रा में गांजा की तस्करी समेत अवैध शराब और नशीली दवाओं की तस्करी बड़े पैमाने पर हो रही है। महासमुंद जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों से आज प्रदेश ही नहीं देश के अन्य राज्यों में भी गांजा सप्लाई की जा रही है और यह क्षेत्र आज गांजा तस्करों के लिए एक बड़ा कॉरिडोर बन गया है। उन्होंने कहा कि मैंने इस पर रोक लगाने के लिए प्रदेश के गृहमंत्री समेत उच्चाधिकारियों को पत्र लिखकर गांजा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निवेदन किया है परंतु इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है और प्रतिदिन बड़े पैमाने पर गांजा तस्करी की जा रही है।

सरायपाली क्षेत्र के सिरपुर समेत कई सीमावर्ती क्षेत्रों से रेत माफियाओं द्वारा अवैध रेत परिवहन पर भी विधायक चातुरी नंद ने जिला प्रशासन को आड़े हाथों लिया और माइनिंग समेत अन्य अफसरों की मिलीभगत से अवैध रेत परिवहन करने का आरोप लगाया है।

विधायक चातुरी नंद ने बड़े पैमाने पर सीमापार उड़ीसा राज्य से अवैध धान खपाने वालों को भी संरक्षण देने का आरोप लगाया है।

बता दें कि सरायपाली विधायक चातुरी नंद लगातार क्षेत्र समेत प्रदेश की समस्याओं को विधानसभा में भी प्रमुखता से उठाती रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING