
बसना/भावरपुर : महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र में स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार 30 जून को एक अज्ञात युवक दिनदहाड़े शासकीय प्राथमिक शाला नेहरू नगर, बड़ेसाजापाली में घुस गया और चाकू की नोक पर प्रधान पाठिका से सोने का मंगलसूत्र तथा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गया। घटना के दौरान विद्यालय में बच्चे भी मौजूद थे, जिससे पूरे परिसर में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, प्रधान पाठिका नान बाई चौधरी अपने कक्ष में थीं, तभी लगभग 20 से 22 वर्ष का एक युवक चेहरे पर कपड़ा बांधकर विद्यालय के भीतर पहुंचा। आरोपी ने हाथ में चाकू लहराते हुए पहले मोबाइल की मांग की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि आरोपी ने बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर प्रधान पाठिका को भयभीत किया।
बताया गया कि बचाव के दौरान प्रधान पाठिका की उंगली में चाकू से चोट भी लगी। इसके बाद आरोपी उनके गले से लगभग 10 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र उतरवाकर टेबल पर रखा विवो कंपनी का मोबाइल फोन लेकर मौके से फरार हो गया। लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।
घटना के बाद स्कूल स्टाफ और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। बसना थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 333, 309(4)(1) एवं 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय लोगों से पूछताछ तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र के अभिभावकों और ग्रामीणों में विद्यालयों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।




