
महासमुंद/पिथौरा : छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह जी के शहादत दिवस के अवसर पर आज पिथौरा के रानी महल मैदान में सर्व आदिवासी समाज द्वारा भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस गौरवशाली कार्यक्रम में बसना विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने सर्वप्रथम अमर शहीद वीर नारायण सिंह जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके बलिदान को नमन किया।
उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने शहीद वीर नारायण सिंह के त्याग, बलिदान और संघर्ष को याद किया। विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह जी का बलिदान केवल एक ऐतिहासिक घटना नहीं, बल्कि हमारे लिए प्रेरणा का एक अमर स्रोत है। उन्होंने उस दौर में अन्याय और शोषण के विरुद्ध आवाज उठाई, जब ऐसा करना कल्पना से परे था। उनका यह संघर्ष हमें सिखाता है कि हम अपने अधिकारों और सम्मान के लिए हमेशा खड़े रहें। वह सही मायने में स्वतंत्रता संग्राम के अमर नायक थे, जिन्होंने छत्तीसगढ़ की माटी की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
विधायक डॉ. अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में आदिवासी समाज के महत्व और उनकी संस्कृति की समृद्धि पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हमारे जनजातीय समाज का योगदान राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय है। उनकी संस्कृति, परंपराएँ और जीवन-मूल्य हमारी राष्ट्रीय धरोहर हैं, जिनका संरक्षण और संवर्धन हम सबकी जिम्मेदारी है। साय सरकार जनजातीय समाज के हितों की रक्षा और उनके विकास को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता मानती है। हम यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि आदिवासी अंचलों का समुचित विकास हो और उनके बच्चों को बेहतर शिक्षा और रोज़गार के अवसर मिलें।
इस अवसर पर, सर्व आदिवासी समाज के सदस्यों द्वारा पारंपरिक वेशभूषा में मनमोहक नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसने शहीद वीर नारायण सिंह जी की शौर्यगाथा और आदिवासी संस्कृति की जीवंतता को मंच पर प्रदर्शित किया। पूरा रानी महल मैदान ‘शहीद वीर नारायण सिंह अमर रहे’ के नारों से गूँज उठा।
इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष नरेश सिंघल,जिला भाजपा प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि पुरर्षोत्तम घृतलहरे , आदिवासी समाज के प्रबुद्धजन सहित गणमान्यजन उपस्थित रहे ।





