
भुवनेश्वर/बसना : साल 2025 के अंतिम दिन, जब पूरी दुनिया नए वर्ष के स्वागत की तैयारी में जुटी है, बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ वर्ष का समापन किया। विधायक डॉ. अग्रवाल ने अपने परिवार के साथ ओडिशा के प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों की यात्रा की और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। विधायक डॉ संपत अग्रवाल ने साथ ही नए वर्ष की मंगल कामना की।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने अपनी आध्यात्मिक यात्रा की शुरुआत पुरी से की। उन्होंने पुरी के प्रवेश द्वार पर स्थित प्रसिद्ध श्री बाटमंगला माता मंदिर में सपरिवार मत्था टेका। विधायक ने माता को चुनरी ओढ़ाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि मान्यता के अनुसार, महाप्रभु की यात्रा माँ बाटमंगला के दर्शन के बिना अधूरी है, माँ का आशीर्वाद हमें सदैव सेवा के मार्ग पर चलने की शक्ति देता है।

इसके पश्चात, उन्होंने जगन्नाथ धाम में महाप्रभु जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन किए। मंदिर परिसर में समय व्यतीत करते हुए उन्होंने वहां की आध्यात्मिक शांति का अनुभव किया और छत्तीसगढ़ की जनता के कल्याण हेतु प्रार्थना की।
पुरी के बाद विधायक डॉ. अग्रवाल भुवनेश्वर पहुंचे, जहां उन्होंने ऐतिहासिक श्री लिंगराज मंदिर में भगवान शिव के स्वरूप का दर्शन किया। उन्होंने महादेव का जलाभिषेक कर सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय की कामना की।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि वर्ष का अंतिम दिन आत्म-चिंतन और आभार व्यक्त करने का होता है। आज मैंने महाप्रभु और बाबा लिंगराज के चरणों में नमन कर अपने बसना विधानसभा क्षेत्र और पूरे छत्तीसगढ़ की खुशहाली की प्रार्थना की है। ईश्वर हमें इतनी शक्ति दें कि हम आने वाले नए वर्ष में और अधिक ऊर्जा व समर्पण के साथ जन-जन की सेवा कर सकें।
विधायक ने आगे कहा कि नया साल नई उम्मीदों का प्रतीक है। वे ‘अंत्योदय’ के संकल्प के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों को नव वर्ष की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारे और सद्भाव का संदेश दिया है।




