
महासमुंद/सरायपाली : भारतीय युवा कांग्रेस के संगठन विस्तार की कड़ी में महासमुंद जिला अध्यक्ष अमन चंद्राकर ने जिला कार्यकारिणी और ब्लॉक अध्यक्षों की बहुप्रतीक्षित सूची जारी कर दी है। इस घोषणा में सबसे महत्वपूर्ण नियुक्ति छुईपाली ब्लॉक की रही, जहां ऊर्जावान युवा नेता विनय भोई को ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
छुईपाली से विनय भोई को अध्यक्ष बनाए जाने की खबर मिलते ही क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। अपनी कार्यशैली और कांग्रेस की विचारधारा के प्रति अटूट निष्ठा के लिए पहचाने जाने वाले विनय भोई ने कम समय में क्षेत्र में एक ऊर्जावान कार्यकर्ता के रूप में विशिष्ट पहचान बनाई है।
अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए विनय भोई ने कहा:
“संगठन ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, मैं उन कर्तव्यों का पालन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करूँगा। हमारी टीम जमीनी स्तर पर मजबूती से काम करेगी, जिसका सीधा सकारात्मक प्रभाव आने वाले चुनावों में क्षेत्र की जनता को देखने को मिलेगा।”

यह नियुक्तियां युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब, प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा और अन्य वरिष्ठ प्रभारियों के निर्देशानुसार तथा पूर्व विधायक देवेंद्र बहादुर सिंह एवं सरायपाली विधायक चातुरी नंद की सहमति से की गई हैं।
सरायपाली विधानसभा अध्यक्ष पंकज बीसी की अनुशंसा पर विनय भोई के साथ अन्य नियुक्तियां इस प्रकार हैं:
प्रखर शर्मा: सरायपाली शहर अध्यक्ष
सुनील नायक: सरायपाली ग्रामीण अध्यक्ष
गिरवर वारे: भंवरपुर ब्लॉक अध्यक्ष
सौरभ सतपथी एवं प्रद्युमन शर्मा: सोशल मीडिया जिम्मेदारी (सरायपाली विधानसभा)
नई कार्यकारिणी की इस घोषणा से महासमुंद जिले में युवा कांग्रेस को नई धार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।





