महासमुंदसरायपाली

सरायपाली में स्वास्थ्य सेवा का नया सूर्योदय: ‘शुभा ब्लड एवं कम्पोनेंट सेंटर’ का भव्य शुभारंभ

"अब खून के लिए नहीं थमेगी सांसें: सरायपाली में 'शुभा ब्लड सेंटर' का आगाज, दुर्घटना और प्रसव के समय मिलेगी तुरंत मदद"

महासमुंद/सरायपाली : वनांचल क्षेत्र सरायपाली की धरती पर 15 फरवरी, रविवार का दिन चिकित्सा के क्षेत्र में एक नई क्रांति का गवाह बना। झिलमिला स्थित शुभा नर्सिंग होम के प्रांगण में बहुप्रतीक्षित ‘शुभा ब्लड एवं कम्पोनेंट सेंटर’ का भव्य और गरिमामय शुभारंभ संपन्न हुआ। यह केंद्र न केवल सरायपाली, बल्कि आसपास के सैकड़ों गांवों के लिए ‘जीवनदायिनी’ सिद्ध होगा। अब दुर्घटना, प्रसव और गंभीर बीमारियों के समय क्षेत्रवासियों को रक्त की बूंद-बूंद के लिए बड़े शहरों की ओर नहीं ताकना पड़ेगा।

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती चातुरी डिग्रीलाल नंद (विधायक, सरायपाली विधानसभा) द्वारा विधिवत फीता काटकर किया गया। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए सरायपाली की महिला शक्ति और राजनीतिक नेतृत्व के प्रमुख चेहरे के रूप में विशिष्ट अतिथि के रूप में मोंगरा किशन पटेल (अध्यक्ष, जिला पंचायत महासमुंद), लक्ष्मी हरिश्चन्द्र पटेल (अध्यक्ष, जनपद पंचायत सरायपाली), सरस्वती चन्द्रकुमार पटेल (अध्यक्ष, नगरपालिका सरायपाली) और केंद्र की मार्गदर्शक डॉ. सुजाता पटेल (संचालक, शुभा नर्सिंग होम) की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने भगवान धनवंतरी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर मानव सेवा के इस संकल्प को आशीर्वाद दिया।

मुख्य अतिथि विधायक चातुरी नंद का संबोधन: “क्षेत्र की सबसे बड़ी जरूरत हुई पूरी”

जनता को संबोधित करते हुए विधायक चातुरी नंद ने भावुक होते हुए कहा— “मैंने कई बार देखा है कि सड़क दुर्घटना के घायलों या प्रसव के दौरान माताओं को रक्त की तत्काल आवश्यकता होती है, लेकिन सरायपाली में सुविधा न होने के कारण उन्हें रायपुर या बरगढ़ ले जाना पड़ता था। कई बार मरीज रास्ते में ही दम तोड़ देते थे। आज ‘शुभा ब्लड एवं कम्पोनेंट सेंटर’ के खुलने से सरायपाली ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाया है। यह सेंटर क्षेत्र के लिए किसी मंदिर से कम नहीं है, जहाँ जीवन बचाया जाएगा।”

मोंगरा किशन पटेल: “जिला पंचायत हमेशा से स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की पक्षधर रही है। निजी क्षेत्र में इस तरह का आधुनिक ब्लड कम्पोनेंट सेंटर खोलना डॉ. भागेश्वर पटेल एवं शुभा नर्सिंग होम परिवार का एक साहसिक और सेवाभावी कदम है।”

लक्ष्मी हरिश्चन्द्र पटेल: “ग्रामीण अंचलों में एनीमिया और प्रसव के दौरान रक्त की कमी एक बड़ी चुनौती है। अब गरीब मरीजों को स्थानीय स्तर पर सुरक्षित रक्त मिल सकेगा।”

सरस्वती चन्द्रकुमार पटेल: “शहर के विकास के साथ-साथ ऐसी मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाओं का होना गौरव की बात है। नगरपालिका प्रशासन इस नेक कार्य में हर संभव सहयोग के लिए तत्पर है।”

 “रक्तदान-महादान” का जुनून

शुभारंभ के उपलक्ष्य में ब्लड सेंटर परिसर में ही एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। केंद्र के खुलते ही सरायपाली शहर के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवी संस्थाओं और ग्रामीण क्षेत्रों से आए युवाओं में रक्तदान को लेकर भारी उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में युवाओं ने पहली बार रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।

ब्लड सेंटर में तैनात तकनीशियनों ने दाताओं को बताया कि आधुनिक मशीनों द्वारा रक्त को कम्पोनेंट (प्लेटलेट्स, प्लाज्मा, रेड सेल्स) में विभाजित कर एक यूनिट रक्त से तीन लोगों की जान बचाई जा सकती है।

आयोजन और उपयोगिता: आधुनिक चिकित्सा का संगम

इस भव्य आयोजन की रूपरेखा डॉ. भागेश्वर पटेल एवं शुभा ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स व शुभा सेवा संस्थान के कार्यकर्ता टिम द्वारा तैयार की गई थी। इस सेंटर की स्थापना का मुख्य उद्देश्य लाभ कमाना नहीं, बल्कि आपातकालीन स्थिति में सुरक्षित और शुद्ध रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। आधुनिक ‘कम्पोनेंट’ तकनीक के कारण अब सिकल सेल और डेंगू के मरीजों को भी बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी।

नगर के गणमान्य नागरिकों की सहभागिता

कार्यक्रम में सरायपाली के प्रतिष्ठित व्यापारी, चिकित्सक, पत्रकार और हजारों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में इस पहल को सरायपाली के लिए “संजीवनी” करार दिया। लोगों का कहना था कि सरायपाली क्षेत्र में इस सुविधा के आने से हाईवे पर होने वाली दुर्घटनाओं में मृत्यु दर को कम करने में बड़ी मदद मिलेगी।

समारोह के समापन पर डॉ. भागेश्वर पटेल ने सभी अतिथियों और आम जनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा— “आज मेरा और मेरे शुभा ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स व शुभा सेवा संस्थान का एक बड़ा सपना साकार हुआ है। हम उन सभी रक्तदाताओं के ऋणी हैं जिन्होंने पहले ही दिन आकर इस मुहिम को मजबूती दी। मैं विधायक महोदया और सभी विशिष्ट अतिथियों का हृदय से धन्यवाद करता हूँ जिन्होंने अपना कीमती समय हमें दिया। हम विश्वास दिलाते हैं कि शुभा ब्लड एवं कम्पोनेंट सेंटर पूरी पारदर्शिता, शुद्धता और सेवा भाव के साथ 24 घंटे क्षेत्रवासियों की सेवा में समर्पित रहेगा।”

शुभा ब्लड सेंटर का यह शुभारंभ सरायपाली के इतिहास में विकास का एक नया अध्याय है। यह न केवल इलाज की सुविधा देगा, बल्कि मानवता की सेवा का एक बड़ा केंद्र बनकर उभरेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING