बसनारायपुर

बसना विधायक की अनूठी पहल: स्कूली बच्चों ने देखी विधानसभा की कार्यवाही, शिक्षा मंत्री से की मुलाकात

शैक्षणिक भ्रमण के बहाने बच्चों ने समझा जनहित के कानून बनने का सफर, विधायक डॉ.संपत अग्रवाल ने बच्चों के कौतूहल को दी नई पहचान

रायपुर : राजनीति जब जनसेवा और शिक्षा के संकल्प से जुड़ती है, तो वह समाज के भविष्य की नींव रखने का काम करती है। कुछ ऐसा ही नजारा आज नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ के नवीन विधानसभा भवन ‘मितान’ में देखने को मिला, जहाँ बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के विशेष प्रयासों से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सुखी पाली (पिथौरा) के विद्यार्थियों ने लोकतंत्र के इस पावन मंदिर का शैक्षणिक भ्रमण किया।

बीते दिनों सुखी पाली स्कूल के छात्रों ने विधायक डॉ. संपत अग्रवाल से मुलाकात कर अपनी एक मासूम सी इच्छा जताई थी कि उन्हें प्रदेश का नया विधानसभा भवन देखना था और शासन के शीर्ष नेतृत्व से मिलना था। बच्चों की इस जिज्ञासा को विधायक डॉ. अग्रवाल ने गंभीरता से लिया और तत्काल इसे पूरा करने का वचन दिया। आज उसी वादे को निभाते हुए विधायक स्वयं बच्चों के मार्गदर्शक बनकर उनके साथ मौजूद रहे।

भ्रमण के दौरान छात्रों के लिए सबसे यादगार पल वह रहा जब डॉ. संपत अग्रवाल ने उन्हें प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव से मिलवाया। मंत्री जी ने बच्चों के साथ आत्मीयता से चर्चा की और उन्हें विधानसभा की कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक मूल्यों और जीवन में शिक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया।

मीडिया से चर्चा करते हुए डॉ. संपत अग्रवाल भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल के इन प्रतिभावान बच्चों की आँखों में जो चमक आज मैंने देखी है, वही मेरे कार्य की असली सफलता है। आज के बच्चे ही कल के राष्ट्र निर्माता हैं। विधानसभा वह स्थान है जहाँ जनहित के निर्णय लिए जाते हैं। मेरा उद्देश्य है कि हमारे क्षेत्र का हर बच्चा बड़े सपने देखे और उन्हें पूरा करने का हौसला रखे।

विद्यार्थियों ने न केवल सदन की भव्यता को निहारा, बल्कि यह भी समझा कि कैसे एक विधायक जनता की समस्याओं को सदन के पटल पर रखता है। विधायक डॉ. अग्रवाल ने बताया कि किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव छात्र जीवन के लिए अनिवार्य है। इस भ्रमण से बच्चों के भीतर नागरिक कर्तव्यों के प्रति एक नई समझ विकसित हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING