
सरायपाली : सरायपाली क्षेत्र के ग्राम केना में इन दिनों भक्ति और उत्साह का सैलाब उमड़ा हुआ है। अवसर है नवनिर्मित श्री राधाकृष्ण मंदिर के भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह का। इस विशाल धार्मिक आयोजन में दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुँच रहे हैं, जहाँ पूरा गाँव भक्तिमय वातावरण और भजन-कीर्तन से गुंजायमान है।
प्राण प्रतिष्ठा के इस विशेष अवसर पर मंदिर समिति द्वारा व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं। कार्यक्रम में शामिल होने वाले भक्तगण श्रद्धापूर्वक दर्शन कर रहे हैं और विशाल भंडारे में महाप्रसाद ग्रहण कर आनंदित महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों की सेवा भावना और अनुशासन आयोजन को और भी भव्य बना रहा है।
गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ घोषित करने उठी मांग
धार्मिक उत्सव के बीच एक महत्वपूर्ण सामाजिक और राष्ट्रीय पहल भी देखने को मिली। वर्तमान में संपूर्ण भारत में चल रहे ‘गौ सम्मान आव्हान अभियान’ के तहत ग्राम केना में भी हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा दिलाना और देश में पूर्ण रूप से गौ-हत्या पर प्रतिबंध लगाना है। इस मुहिम के तहत राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और राज्यपाल को संबोधित प्रार्थना पत्र पर भक्तों से हस्ताक्षर कराए जा रहे हैं।
अभियान को गति देने पहुँचे प्रमुख गौ भक्त विकास महापात्र, नन्दलाल यादव, पुरूषोत्तम प्रधान और अभिनय शाह का श्री राधाकृष्ण मंदिर समिति और समस्त ग्रामवासियों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। मंदिर समिति ने इन गौ सेवकों के समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें श्री राधाकृष्ण का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
सम्मान समारोह के दौरान मंदिर समिति और ग्रामीणों की ओर से मुख्य रूप से जन्मजय नायक, लक्ष्मण नायक, अलेख प्रधान, शिवप्रसाद प्रधान, संजीव भोई, सहदेव यादव, राकेश चौधरी और पुरूषोत्तम भोई सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बना है, बल्कि समाज को जीव-दया और राष्ट्र प्रेम का संदेश भी दे रहा है।



