सरायपाली

राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा में चयनित छात्रा कुमारी लक्ष्मी भोई का हुआ सम्मान

सरायपाली : शासकीय उच्च प्राथमिक शाला रिमजी, संकुल सिंघोड़ा, विकासखंड सरायपाली की छात्रा कुमारी लक्ष्मी भोई का चयन राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMSS) 2025-26 में होने पर विद्यालय में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

विद्यालय परिवार के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि वर्तमान सत्र में अब तक विद्यालय से 74 विद्यार्थियों का चयन राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा में हो चुका है। यह उल्लेखनीय उपलब्धि विद्यालय के प्रधान पाठक श्री ओमप्रकाश साव, शिक्षक श्री कमल नारायण भोई एवं श्री डोलामणी चौहान के सतत मार्गदर्शन, मेहनत एवं विद्यार्थियों के नियमित अभ्यास का परिणाम है।

सम्मान समारोह के दौरान कुमारी लक्ष्मी भोई को विद्यालय परिवार की ओर से तिलक लगाकर मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं बुक्के भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति परीक्षाओं की तैयारी, नियमित अध्ययन तथा लक्ष्य निर्धारण के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।

अपने उद्बोधन में कुमारी लक्ष्मी भोई ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन, माता-पिता के सहयोग तथा अपनी निरंतर मेहनत को दिया। उन्होंने विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी लगन, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ अध्ययन कर सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय परिवार ने छात्रा की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को प्रति वर्ष ₹12,000 की छात्रवृत्ति राशि चार वर्षों तक प्रदान की जाती है, जिससे उनकी आगे की पढ़ाई में आर्थिक सहयोग प्राप्त होता है।

विद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की कि कुमारी लक्ष्मी भोई की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी तथा भविष्य में भी विद्यालय के छात्र-छात्राएँ इसी प्रकार उत्कृष्ट उपलब्धियाँ प्राप्त कर विद्यालय, क्षेत्र एवं जिले का नाम रोशन करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING