मुकेश साहू को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली नई उपलब्धि, एशियन कबड्डी लीग में बने निर्णायक

सरायपाली। सरायपाली विकासखंड के ग्राम कलेंडा निवासी एवं आईबीएम शाला कुटेला में पदस्थ व्यायाम शिक्षक मुकेश कुमार साहू ने खेल जगत में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि अपने नाम की है। उनका चयन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली एशियन कबड्डी लीग (महिला वर्ग) के प्रथम संस्करण में निर्णायक (रेफरी) के रूप में किया गया है। यह उपलब्धि न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे सरायपाली, महासमुंद जिले और छत्तीसगढ़ प्रदेश के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है।

एशियन कबड्डी लीग का आयोजन 1 अगस्त से 16 अगस्त तक यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, नई दिल्ली में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में विभिन्न देशों की महिला कबड्डी टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता के दौरान मुकेश कुमार साहू निर्णायक के रूप में अपनी सेवाएं देंगे और छत्तीसगढ़ प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मुकेश कुमार साहू लंबे समय से कबड्डी खेल से जुड़े हुए हैं तथा खेलों के विकास और खिलाड़ियों के मार्गदर्शन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। इससे पूर्व भी वे अनेक राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी प्रतियोगिताओं में सफलतापूर्वक निर्णायक की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उनके अनुभव, निष्पक्ष निर्णय क्षमता और खेल के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चुना गया है।
उनकी इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के अध्यक्ष शशिकांत बघेल, महासचिव प्रदीप यादव, युवा क्षेत्रीय खेल विकास समिति के अध्यक्ष नरेंद्र किशोर कानूंगो सहित समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
क्षेत्र के खेल प्रेमियों, शिक्षकों, खिलाड़ियों एवं नागरिकों ने भी मुकेश कुमार साहू की इस सफलता को सरायपाली और छत्तीसगढ़ के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए विश्वास जताया है कि वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने निष्पक्ष एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रदेश का नाम और अधिक रोशन करेंगे।




