बालिका शिक्षा के तहत छात्राओं को स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं जागरूकता की दी गई जानकारी

सरायपाली। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरायपाली में बालिका शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर व्यवस्थापक सरिता साहू ने छात्राओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित एवं पौष्टिक खान-पान अत्यंत आवश्यक है। विशेष रूप से वर्षा ऋतु में बासी भोजन का सेवन करने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे विभिन्न प्रकार की बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने छात्राओं को नियमित रूप से हाथ धोने, स्वच्छ पानी पीने, शरीर एवं आसपास की साफ-सफाई बनाए रखने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया।
बालिकाओं की सुरक्षा के विषय में जानकारी देते हुए सरिता साहू ने कहा कि किसी भी अंजान व्यक्ति से अनावश्यक बातचीत नहीं करनी चाहिए और न ही उनके बहकावे में आना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को सलाह दी कि वे अपने माता-पिता या परिवार के किसी जिम्मेदार सदस्य का मोबाइल नंबर हमेशा अपने पास याद रखें या लिखकर रखें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत संपर्क किया जा सके।
उन्होंने पुलिस हेल्पलाइन एवं अन्य आवश्यक आपातकालीन सहायता नंबरों की जानकारी भी दी तथा संकट की स्थिति में उनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही छात्राओं को गुड टच एवं बैड टच के बारे में सरल एवं संवेदनशील तरीके से समझाते हुए बताया कि यदि कोई व्यक्ति अनुचित व्यवहार करता है या असहज महसूस कराता है, तो बिना किसी डर या संकोच के तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या किसी विश्वसनीय बड़े व्यक्ति को इसकी जानकारी दें।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की और सुरक्षा एवं स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। विद्यालय परिवार ने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को छात्राओं के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास एवं सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत उपयोगी बताया। विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य त्रिलोचन कर ने बताया कि इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्राचार्य सुश्री डिगेश्वरी यदु,बालिका शिक्षा प्रमुख पद्मावती गोस्वामी सहित समस्त दीदियों का सहयोग सराहनीय रहा ।




