

महासमुंद/सरायपाली : शैक्षिक गुणवत्ता की वृद्धि के लिए शिक्षकों को निरंतर प्रेरित करते हुए एवं शिक्षा विभाग को दुरुस्त करने में विशेष रूप से सक्रिय जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद विजय कुमार लहरे का आकस्मिक दौरा विकासखण्ड सरायपाली में हुआ। इस दौरान उन्होंने सभी संकुल समन्वयको की आवश्यक बैठक लेकर शिक्षा गुणवत्ता में वृद्धि हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए I
बैठक के दौरान शिक्षा विभाग एवं शासन की विभिन्न गतिविधियों के शत्-प्रतिशत सफल क्रियान्वयन के लिए सभी संकुल समन्वयकों को सतत मानिटरिंग करने का निर्देश मिला। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि शैक्षिक गुणवत्ता की वृद्धि के लिए आवश्यक एवं अनिवार्य कार्ययोजना के बिंदुओं में लाभान्वित होने वाले सभी बच्चों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों के वितरण समय पर होने चाहिए, प्रत्येक विद्यार्थी को विद्यालय में भर्ती कराया जाए, निर्धारित समय पर विद्यालय लगाया जाए, प्रार्थना सभा में सभी शिक्षकों की उपस्थिति होनी चाहिए, समय – सारिणी प्रत्येक विद्यालय में होनी चाहिए, निर्धारित कालखण्ड के अनुरूप प्रत्येक शिक्षक को नियमित रूप से शिक्षक दैनंदनी संधारित करके ही अध्यापन हेतु कक्षा में जाने के लिए विशेष ध्यानाकर्षण कराया गया, डीएमसी रेखराज शर्मा ने संकुल समन्वयक को निर्देशित करते हुए कहा कि समय पर सभी विषयों का पाठ्यक्रम पूर्ण हो, विद्यार्थियों की बोर्ड परीक्षाओं में लेखन कौशल मजबूत करने एवं सफलता प्राप्त करने के लिए साप्ताहिक एवं मासिक मूल्यांकन परीक्षा भी लिए जाएं, विद्यार्थी विकास सूचकांक को सभी विद्यालयों में प्रदर्शित किया जाना अनिवार्य है, शासन एवं विभाग द्वारा जारी पत्र आदेशों के अनुसार राष्ट्रीय कार्यक्रमों एवं गतिविधियों को विद्यालय में जरूर आयोजित करें, ऑनलाइन एवं आफलाइन मांगी जाने वाली समस्त जानकारियों को निर्धारित समय-सीमा के अनुसार पूर्ण करके उच्च कार्यालय को भेजना सुनिश्चित करें, शिक्षकों द्वारा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं यथा नवोदय भर्ती परीक्षा, सैन्य भर्ती परीक्षा, राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा आदि के लिए विद्यार्थियों को अतिरिक्त समय देकर तैयार करवाया जाए, “एक पेड़ माँ के नाम – 2.0” के लिए प्रत्येक शिक्षक को पौधरोपण कर इसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने एवं विद्यार्थियों को प्रेरित करने हेतु विशेष निर्देश दिए गए।
इस बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद विजय कुमार लहरे, डीएमसी रेखराज शर्मा, एपीसी द्वय डी. एन. जांगड़े, श्रीमती सम्पा बोस, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी प्रकाशचंद्र मांझी, एबीईओ देवनारायण दीवान, बीआरसीसी सतीश स्वरूप पटेल एवं विकासखण्ड सरायपाली के समस्त संकुल समन्वयक उपस्थित रहे I
उल्लेखनीय है कि विकासखण्ड सरायपाली के दूरस्थ ग्रामीण अंचल के शासकीय हायर सेकण्डरी स्कूल, टेमरी एवं किसड़ी में भी जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। उनके द्वारा सभी शिक्षकों, पालकों और विद्यार्थियों से रूबरू होते हुए सभी समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के लिए आश्वस्त किया गया। यह जानकारी शिक्षा विभाग सरायपाली के मीडिया प्रभारी शैलेन्द्र कुमार नायक ने साझा किया।





