
महासमुंद/बसना : बसना के स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (SAGES) में वार्षिक सांस्कृतिक समारोह ‘वार्षिकोत्सव’ का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नीलांचल सेवा समिति के संस्थापक एवं बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल उपस्थित रहे।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने माँ सरस्वती के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों द्वारा मुख्य अतिथि का आत्मीय स्वागत किया गया।
समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य, देश भक्ति गीत और समसामयिक विषयों पर आधारित नाटकों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। नन्हे बच्चों के नृत्य और छात्राओं के आत्मविश्वासपूर्ण प्रदर्शन की सराहना करते हुए विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि इस प्रकार की अद्भुत प्रस्तुतियां मन मोह लेने वाली हैं। ग्रामीण अंचल के बच्चों में इतनी प्रतिभा देखकर यह स्पष्ट है कि अवसर मिलने पर हमारे क्षेत्र के बच्चे किसी से पीछे नहीं हैं।
वार्षिकोत्सव के गरिमामयी अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने शिक्षा और भविष्य निर्माण की प्रासंगिकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने स्वामी आत्मानंद विद्यालय योजना को छत्तीसगढ़ की एक क्रांतिकारी पहल बताते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण अंग्रेजी माध्यम शिक्षा प्रदान करने की दिशा में एक ‘मील का पत्थर’ साबित हो रही है। डॉ. अग्रवाल ने विश्वास व्यक्त किया कि इन विद्यालयों के माध्यम से हमारे क्षेत्र के बच्चे भविष्य की वैश्विक प्रतिस्पर्धाओं के लिए स्वयं को पूरी तरह सक्षम बना सकेंगे।

शिक्षा के व्यापक अर्थ को समझाते हुए उन्होंने आगे कहा कि वास्तविक शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह हमें जीवन जीने की कला और उच्च संस्कार सिखाती है। विद्यार्थियों के सांस्कृतिक प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने जोर दिया कि आज की ये प्रस्तुतियां सिद्ध करती हैं कि यहाँ के छात्र न केवल अकादमिक स्तर पर, बल्कि कला, खेल और संस्कृति के क्षेत्र में भी सर्वांगीण विकास की ओर अग्रसर हैं।
शिक्षकों के योगदान को रेखांकित करते हुए विधायक जी ने उन्हें ‘व्यक्तित्व का असली शिल्पकार’ बताया और उनके समर्पण की सराहना की। साथ ही, उन्होंने अभिभावकों के अटूट विश्वास और सहयोग को बच्चों की सफलता का आधार स्तंभ बताया। अंत में, विद्यार्थियों में जोश भरते हुए उन्होंने सफलता का मूल मंत्र देते हुए कहा कि अनुशासन, कठोर परिश्रम और सकारात्मक सोच ही वह नींव है, जिस पर आपके उज्ज्वल भविष्य की इमारत खड़ी होगी।
कार्यक्रम के अंत में विधायक महोदय ने शिक्षा, खेल और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय परिवार ने इस भव्य आयोजन के सफल संचालन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष बसना खुशबू अग्रवाल,नगर पंचायत उपाध्यक्ष शीत गुप्ता,भाजपा जिला महामंत्री जितेंद्र त्रिपाठी,मंडल अध्यक्ष बसना नरेन्द्र यादव,बसना जनपद उपाध्यक्ष मोहित पटेल,सभापति जनपद बसना प्रकाश सिन्हा,रायगढ़ जिला अध्यक्ष अरुण धर दिवान,पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजेश अग्रवाल,पार्षद डेनियल पीटर, पार्षद राकेश डड़सेना, पार्षद महेंद्र सिंह अरोरा,कोषाध्यक्ष भाजपा मण्डल अमृत चौधरी,जनपद सदस्य बिलासिनी प्रधान,प्राचार्य गिरिराज साहू,के. जे. पुरोहित,अध्यक्ष पालक शिक्षक संघ आर. बी. प्रधान ,पूर्व कोषाध्यक्ष पालक शिक्षक संघ विजय पटेल प्रधान पाठक मिडिल स्कूल दास सर,जिला संयोजक RTI डॉ गजानन्द अग्रवाल, अध्यक्ष SMDC एन. एल.भोई,पूर्व अध्यक्ष शिक्षक पालक संघ राजकुमार बेहरा,अध्यक्ष फुलझर हायर सेकेंडरी स्कूल भगतदेवरी मुकेश प्रधान,निज सहायक नरेंद्र बोरे,भाजपा मीडिया प्रभारी बसना सुखदेव दास वैष्णव,सोशल मीडिया प्रभारी आयुष अग्रवाल सहित गणमान्यजन उपस्थित रहे।




