महासमुंदसरायपाली

विशेष लोक अदालत में वर्षों पुराने मामलों का हुआ निराकरण, 17 लाख से अधिक की राशि पर बनी सहमति

सरायपाली। माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती अनिता डहरिया के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में शनिवार को न्यायालय सरायपाली में विशेष लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। विशेष लोक अदालत की तीन खंडपीठों में बैंक रिकवरी, बकाया वसूली तथा परक्राम्य लिखत अधिनियम, 1881 की धारा 138 (चेक बाउंस) से संबंधित प्रकरणों की सुनवाई कर आपसी सहमति से अनेक मामलों का निराकरण किया गया।

खंडपीठ क्रमांक-02 में  वैभव घृतलहरे, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, सरायपाली के न्यायालय में धारा 138 के कुल 04 प्रकरणों का सफल निराकरण किया गया। इन मामलों में ₹11,08,410 की राशि पर समझौता हुआ। इनमें एक ऐसा प्रकरण भी शामिल था, जो पिछले पांच वर्षों से लंबित था और विशेष लोक अदालत के माध्यम से उसका भी सौहार्दपूर्ण समाधान हो गया।

वहीं, खंडपीठ क्रमांक-03 में सुश्री कुमारी प्रगति गुर्दे, न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में धारा 138 के 03 प्रकरणों का निराकरण किया गया, जिनमें कुल ₹6,17,000 की राशि पर पक्षकारों के बीच समझौता हुआ।

विशेष लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों को त्वरित, सरल एवं सुलभ न्याय प्राप्त हुआ। इस दौरान लंबित मामलों का आपसी सहमति से समाधान होने पर न्यायालय ने पक्षकारों को समय एवं धन की बचत के साथ न्यायिक प्रक्रिया को सरल बनाने का संदेश दिया।

विशेष लोक अदालत के सफल आयोजन से न्यायालय में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण को भी गति मिली तथा वैकल्पिक विवाद निवारण व्यवस्था की उपयोगिता एक बार फिर सिद्ध हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING