सपवाडीपा प्राथमिक शाला में विद्यार्थियों को पेन, कॉपी एवं पहाड़ा पुस्तिका का वितरण
सारायपाली। सपवाडीपा शासकीय प्राथमिक शाला सपवाडीपा (तिलाईपाली) में विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रोत्साहन हेतु पेन, कॉपी एवं पहाड़ा पुस्तिका वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर ग्राम पंचायत बिजातीपाली सरपंच के ससुर जी सम्मानीय विजय शंकर पटेल, उपसरपंच संतराम पटेल तथा सेवानिवृत्त प्रधान पाठक रामप्रसाद नायक द्वारा विद्यालय के बच्चों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई।
अतिथियों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन करने, अनुशासन का पालन करने तथा शिक्षा के माध्यम से अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता की सबसे मजबूत नींव है तथा समाज के प्रत्येक व्यक्ति को बच्चों की शिक्षा में सहयोग करना चाहिए।
विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का इस सराहनीय सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक सहयोग से बच्चों का उत्साह बढ़ता है और उन्हें बेहतर शिक्षा प्राप्त करने की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएँ एवं स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे। उक्त जानकारी शिक्षा विभाग मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप ने दी।




