सरस्वती शिशु मंदिर में लोकतांत्रिक प्रक्रिया से छात्र परिषद् का गठन एवं शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

सरायपाली। स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरायपाली में विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के विकास हेतु शिशु भारती, बाल भारती, किशोर भारती एवं कन्या भारती के पदाधिकारियों का चुनाव लोकतांत्रिक प्रणाली के माध्यम से सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इस चुनाव प्रक्रिया में विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह एवं अनुशासन के साथ भाग लिया।

चुनाव के दौरान प्रत्याशियों ने अपने-अपने विचार एवं योजनाएँ प्रस्तुत कीं, जिसके पश्चात निष्पक्ष मतदान की प्रक्रिया अपनाई गई। विद्यार्थियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए योग्य प्रतिनिधियों का चयन किया।जिसमें शिशु,बाल, किशोर एवं कन्या भारती में अध्यक्ष पद हेतु क्रमश: – अभय नायक, शाश्वत साहू, दिनेश यादव ,हर्षिता साव , उपाध्यक्ष क्रमशः योगराज पटेल , धीरज साहू , यशराज डडसेना, काजल साव ,सचिव क्रमश: आरव प्रधान, हिमांशु चौधरी, गगन कर, नमिता विश्वकर्मा, सेनापति क्रमश: लोकेश सिदार, प्रकाश चौहान ,राजकुमार शर्मा भूमिका विश्वकर्मा , सांस्कृतिक प्रमुख उषा चौधरी,भगवती पटेल ,नितेश प्रधान ,खुशी साहू रहे । शेष विभागों के लिए भैया बहनों को मनोनीत किया गया। इस प्रक्रिया ने विद्यार्थियों को लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों—स्वतंत्रता, समानता एवं उत्तरदायित्व—का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया।
चुनाव परिणाम घोषित होने के पश्चात विद्यालय परिसर में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात विद्यालय के व्यवस्थापक,प्राचार्य, प्रधानाचार्य एवं वरिष्ठ आचार्यगणों की उपस्थिति में निर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
शपथ ग्रहण के दौरान नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों ने विद्यालय की मर्यादा बनाए रखने, अपने कर्तव्यों का ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ पालन करने तथा विद्यार्थियों के हित में कार्य करने का संकल्प लिया। व्यवस्थापक सरिता साहू ने अपने उद्बोधन में जहां विद्यार्थियों को नेतृत्व, अनुशासन एवं सेवा भाव का महत्व समझाते हुए उन्हें अपने उत्तरदायित्वों का समुचित निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। वहीं प्राचार्य सुश्री डिगेश्वरी यदु ने नव निर्वाचित प्रतिनिधियों को विद्यालय की मर्यादा बनाए रखना अपने कर्तव्यों का ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ पालन करने हेतु प्रेरणा दी ।
इस अवसर पर विद्यालय संचालन समिति के अध्यक्ष त्रिलोचन पटेल ,व्यवस्थापक सरिता साहू ,कोषाध्यक्ष घासीराम अग्रवाल ,सहसचिव महेश भोई एवं सत्यनारायण अग्रवाल सहित समिति के समस्त पदाधिकारी गण प्राचार्य ,प्रधानाचार्य एवं आचार्य गणों ने नवनिर्वाचित समस्त पदाधिकारी को शुभकामनाएं दी एवं उनके उज्जवल भविष्य की कामना की । विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य त्रिलोचन कर ने बताया कि यह संपूर्ण आयोजन विद्यालय में लोकतांत्रिक मूल्यों के सशक्त संवर्धन एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के आचार्य गोवर्धन प्रधान द्वारा किया गया ।अंत में विद्यालय के प्राचार्य डिगेश्वरी यदु के द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया तथा शांति मंत्र के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।


