
महासमुंद/सरायपाली : संकुल केंद्र बलौदा में 06 दिसंबर 2025 को नवपदस्थ अधिकारियों के सम्मान में एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन बड़े उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। संकुल क्षेत्र के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों के शिक्षक इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल हुए। समारोह में नवपदस्थ विकासखंड शिक्षा अधिकारी टी.सी. पटेल, नवपदस्थ संकुल प्राचार्य अरुण सतपथी तथा नवनियुक्त विकासखंड स्रोत समन्वयक देवानंद नायक का आत्मीय स्वागत किया गया। अतिथियों का पारंपरिक रूप से शाल और श्रीफल भेंट कर अभिनंदन किया गया, जिसमें बीईओ पटेल का स्वागत वरिष्ठ शिक्षक कपिल राम बरिहा , संकुल प्राचार्य अरुण सतपथी का स्वागत के. के. भोई, भूतपूर्व प्रभारी प्राचार्य अभिमन्यु षड़ंगी का स्वागत रूपलाल मांझी तथा बी आर सी देवानंद नायक का स्वागत दीपक प्रधान, एकलव्य विद्यालय बलौदा द्वारा किया गया।
अपने संबोधन में विकासखंड शिक्षा अधिकारी टी.सी. पटेल ने अपार आई डी, जाति प्रमाण पत्र तथा जीपीएफ संधारण से संबंधित सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षकों को प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और उत्तरदायित्व निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में संकुल केंद्र बलौदा के सभी शासकीय विद्यालयों के साथ-साथ निजी विद्यालयों — सरस्वती शिशु मंदिर बलौदा, एकलव्य इंग्लिश स्कूल बलौदा, विशप प्रसन्ना इंग्लिश स्कूल बलौदा, लक्ष्य पब्लिक स्कूल बलौदा तथा न्यू लाइफ इंग्लिश मीडियम स्कूल बलौदा के शिक्षक भी उपस्थित रहे।जिससे कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ गई।

समारोह का संचालन वरिष्ठ शिक्षक माधव प्रसाद पंडा, शासकीय उच्च प्राथमिक शाला अमलडीह द्वारा किया गया, जबकि संपूर्ण आयोजन का सफल संयोजन संकुल समन्वयक हारून गार्डिया द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों एवं उपस्थित शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ शिक्षक के. के. भोई शासकीय उच्च प्राथमिक शाला अमलडीह ने किया।
सौहार्द, उत्साह और सम्मान के माहौल में सम्पन्न यह कार्यक्रम संकुल केंद्र बलौदा के शैक्षणिक समुदाय के लिए एक यादगार अवसर बन गया। उक्त जानकारी शिक्षा विभाग मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप ने दी।




