
महासमुंद/सरायपाली : सरायपाली नगर में सनातन संस्कृति और सामाजिक एकता को सशक्त करने के उद्देश्य से आज 25 दिसंबर 2025, गुरुवार को विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है । यह आयोजन सर्व हिन्दू समाज मंडल सरायपाली के तत्वावधान में किया जा रहा है। सम्मेलन को लेकर नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार सम्मेलन का शुभारंभ प्रातः 10 बजे हवन-पूजन के साथ होगा। कार्यक्रम का आयोजन अग्रकुंज परिसर, थाना रोड सरायपाली में किया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में सनातनी बंधुओं के शामिल होने की प्रबल संभावना है, इस भव्य आयोजन के लिए पूर्व से ही आयोजको द्वारा विभिन्न स्थानों पर प्रचार प्रसार किया गया है।
सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में ओमप्रकाश शर्मा जी, सह प्रान्त बौद्धिक प्रमुख छत्तीसगढ़ उपस्थित रहेंगे। वहीं मुख्य अतिथि के रूप में स्वामी रविंद्र दास जी महाराज, संस्थापक स्वामी सुमेधानंद वैदिक गुरुकुल कटंगपाली सरायपाली एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में कृष्ण राधिका सखी दीदी शामिल होंगी।
आयोजकों ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य सनातन संस्कृति के मूल्यों का संरक्षण, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना और हिंदू समाज को संगठित करना है। कार्यक्रम के समापन के बाद सभी श्रद्धालुओं के लिए भोजन एवं प्रसादी की व्यवस्था भी की गई है।
हिन्दू सम्मेलन आयोजन समिति सरायपाली ने नगरवासियों एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस विराट हिन्दू सम्मेलन को सफल बनाएं एवं पुण्य के भागीदारी बने।





