लुकापारा की छात्रा कु. मंजू सिदार का नवोदय विद्यालय परीक्षा 2026 में चयन, शिक्षकों के मार्गदर्शन की रही महत्वपूर्ण भूमिका

सरायपाली : विकासखण्ड सरायपाली के शासकीय प्राथमिक शाला लुकापारा की छात्रा कु. मंजू सिदार ने नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता प्राप्त की है। कु. मंजू सिदार, जिनकी माता शांता सिदार हैं, ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
कु. मंजू सिदार दृष्टिबाधित (आंखों से दिव्यांग) होने के बावजूद कठिन परिस्थितियों को पीछे छोड़ते हुए इस परीक्षा में चयनित हुई हैं। उनकी यह सफलता संघर्ष, दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच का प्रेरणादायक उदाहरण है।
इस उपलब्धि में विद्यालय के शिक्षकों का विशेष योगदान रहा है। शिक्षकों ने निरंतर मार्गदर्शन, विशेष ध्यान और सहयोग प्रदान करते हुए मंजू को हर कदम पर प्रोत्साहित किया। उनकी आवश्यकताओं को समझते हुए शिक्षण की विशेष व्यवस्था की गई, जिससे वह अपनी क्षमताओं का पूर्ण विकास कर सकीं। शिक्षकों की मेहनत और समर्पण ने इस सफलता को संभव बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
विद्यालय परिवार, शिक्षकों एवं ग्रामवासियों ने इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कु. मंजू सिदार के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही, उनके माता-पिता और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की गई है। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।




