बलोदासरायपाली

शिशु मंदिर बलौदा में बाल भारती पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

अध्यक्ष बने भैया पीयूष, उपाध्यक्ष बनीं बहन शिवानी; विद्यार्थियों को नेतृत्व व जिम्मेदारी निभाने का दिया संदेश

महासमुंद/बलौदा। सरस्वती शिशु मंदिर, बलौदा में सत्र 2026-27 के लिए बाल भारती के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, उत्तरदायित्व तथा लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करना रहा।

 

विद्यालय में बाल भारती के विभिन्न पदों—अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं अन्य पदों—के लिए पूर्व में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई गई थी। इसी क्रम में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को उनके दायित्वों का विधिवत शपथ दिलाई गई। इस निर्वाचन प्रक्रिया के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था, संगठन संचालन तथा प्रशासनिक कार्यों की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की जाती है, ताकि वे बाल्यकाल से ही नेतृत्व एवं जिम्मेदारी निभाने के गुण विकसित कर सकें।

सत्र 2026-27 के लिए भैया पीयूष को बाल भारती का अध्यक्ष तथा बहन शिवानी को उपाध्यक्ष चुना गया। इसके साथ ही सचिव, कोषाध्यक्ष एवं अन्य पदों पर निर्वाचित छात्र-छात्राओं ने भी अपने दायित्वों की शपथ ली।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा मंडल बलौदा के महामंत्री श्री उपेंद्र साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में नेतृत्व का विशेष महत्व है। विद्यालय स्तर पर इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों में आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता, अनुशासन तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्रधानाचार्य लिंगराज बेहेरा ने की। उन्होंने कहा कि अनुभव आधारित शिक्षा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। बाल भारती के माध्यम से छात्र-छात्राएं विद्यालय संचालन की विभिन्न व्यवस्थाओं को समझते हैं और जिम्मेदारी निभाने का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करते हैं।

कार्यक्रम का सफल संचालन आशीष डडसेना ने किया। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING