सरायपाली

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शासकीय महाविद्यालय सरायपाली में हरियाली पखवाड़ा का शुभारंभ

स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर ध्वजारोहण के पश्चात वसुधा ईको क्लब के तत्वावधान में हरियाली पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया ।

सरायपाली : 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर महाविद्यालय में ध्वजारोहण राष्ट्र गीत एवं राष्ट्रगान के पश्चात वसुधा ईको क्लब के तत्वावधान में हरियाली पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया। यह अभियान महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संध्या भोई के मार्गदर्शन एवं राज्य शासन से पुरस्कृत सेवानिवृत्त व्याख्याता श्री संकर्षण (एस.एस. )पटेल के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है।

हरियाली पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य महाविद्यालय परिसर स्थित औषधीय उद्यान को अधिक समृद्ध एवं विविधतापूर्ण बनाना, औषधीय पौधों का संरक्षण एवं संवर्धन करना तथा विद्यार्थियों एवं महाविद्यालयीन स्टाफ में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना है।

शुभारंभ अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों ,अधिकारी कर्मचारी एवं विद्यार्थियों द्वारा उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न प्रकार के औषधीय एवं उपयोगी पौधों का रोपण किया गया। सभी ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल के महत्व पर बल देते हुए महाविद्यालय परिसर को हरा-भरा एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में सक्रिय योगदान दिया।

इस अवसर पर बताया गया कि हरियाली पखवाड़ा केवल पौधारोपण तक सीमित न रहकर पौधों के संरक्षण, संवर्धन एवं नियमित देखभाल पर केंद्रित रहेगा। औषधीय उद्यान को विद्यार्थियों के लिए पर्यावरणीय एवं व्यावहारिक ज्ञान का उपयोगी केंद्र बनाने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।

हरियाली पखवाड़े के अंतर्गत आगामी दिनों में पौधारोपण, पौधों की देखभाल, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं औषधीय वनस्पतियों के प्रति जागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम के माध्यम से वसुधा ईको क्लब एवं महाविद्यालय परिवार ने “हरित परिसर–स्वस्थ परिसर” की भावना को साकार करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करने का संदेश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING